भूपेश का कांग्रेसियों को संदेश, जीत के लिए सही उम्मीदवार जरूरी

दीपावली मिलन समारोह में निकाय चुनाव की रणनीति पर हुई चर्चा, भाजपा के चुनावी हथकंडों से सतर्क रहने की दी सलाह; कमिश्नर के कामकाज की जांच का ऐलान

भूपेश का कांग्रेसियों को संदेश, जीत के लिए सही उम्मीदवार जरूरी

भिलाईनगर। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से गुरुवार को होटल अमित पार्क में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों का मंत्र दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उम्मीदवार का चयन सोच-समझकर किया जाना चाहिए, क्योंकि मजबूत और जनाधार वाले प्रत्याशी से पार्टी की जीत की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

बघेल ने भाजपा पर चुनाव में वोट चोरी और अन्य हथकंडे अपनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसजनों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संगठन को पूरी सक्रियता के साथ काम करना होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी की रणनीति को जनता तक पहुंचाए और मतदान प्रक्रिया पर भी नजर रखे।

महंगाई से आम जनता परेशान

समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है। इस बार लोगों ने बढ़ती कीमतों के बीच दीपावली मनाई। भाजपा सरकार के लगभग तीन साल के कार्यकाल में नगर निगम को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में नजर आ रहे कई निर्माण कार्य पिछली कांग्रेस सरकार के समय मंजूर हुए थे।

निगम में हुए कार्यों की जांच का भरोसा

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कमिश्नर की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में मनमाने तरीके से बिल फाड़ने जैसी घटनाएं हुई हैं। बघेल ने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो निगम कमिश्नर की कार्यशैली और संबंधित मामलों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने निकाय चुनाव को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन को अभी से सक्रिय होने का संदेश दिया।

नेताओं ने भी संगठन की मजबूती पर दिया जोर

कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में बेहतर समन्वय के साथ चुनावी तैयारी करने की जरूरत है। पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर और महापौर नीरज पाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। आतिशबाजी और मिठाई वितरण के जरिए दीपावली की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर निगम सभापति गिरवर प्रसाद साहू, केशव बंछोर, सुभद्रा सिंह, नीता लोधी, नंदकुमार कश्यप, धर्मेंद्र यादव, इरफान खान, संदीप निरंकारी, फिरोज खान, सीजू एंथोनी, भुनेश्वरी रानी, अतुलचंद साहू, लालचंद वर्मा, भूपेंद्र यादव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, एमआईसी सदस्य, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन एमआईसी सदस्य लालचंद वर्मा ने किया।