श्याम भक्ति में सराबोर हुआ दुर्ग, भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
‘श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव’ में पुष्प होली, छप्पन भोग और भजनों ने बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे भक्त
दुर्ग के पुरानी गंजमंडी, गंजपारा में शुक्रवार शाम आयोजित “श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव” श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया। भव्य श्याम दरबार, पुष्प होली, छप्पन भोग और संगीतमय भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में डुबोए रखा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे भजन गायकों की प्रस्तुतियों पर भक्त झूम उठे।
खाटू श्याम ज्योतिष, पोलसाय पारा दुर्ग द्वारा आयोजित “श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव” शुक्रवार शाम भक्तिमय माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम की पूजा-अर्चना और आकर्षक दरबार सज्जा के साथ हुई। इसके बाद पुष्प होली और छप्पन भोग ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित 5वीं भजन संध्या में कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल, राजस्थान के प्रेम शर्मा तथा दिल्ली की भजन गायिका ममता चौधरी ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। आयोजन में श्री गंजपारा दुर्गोत्सव समिति, जन समर्पण सेवा संस्था, श्री सतीचौरा मां दुर्गा समिति एवं बोलबम सेवा समिति का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
suntimes 