सेवा सेतु से दुर्ग को विकास की सौगात, महतारी वंदन की 32वीं किस्त में 632.40 करोड़ जारी
सीएम साय ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण और हितग्राहियों को बांटी सहायता; कांग्रेस पर हमला, बोले- हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ना विपक्ष की आदत
दुर्ग। दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के विकास को गति देने वाले विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि और सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए करीब 632.40 करोड़ रुपए पहुंचाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक सीधे लाभ पहुंचाना है।
कांग्रेस पर मुख्यमंत्री का पलटवार
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है। पार्टी का प्रभाव लगातार कम हो रहा है और इसके लिए उसकी कथनी-करनी में अंतर जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पराजय के बाद कांग्रेस ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस के सांसद चुनाव जीतते हैं, तब उन्हें ईवीएम में कोई खामी नजर नहीं आती। एसआईआर के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जनता का भरोसा खो चुकी है।
सरकारी योजनाओं के स्टॉल बने आकर्षण
सेवा सेतु कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। इनमें शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों को सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की मौजूदगी रही।
रिसाली समेत जिले को कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान दुर्ग जिले के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की गई। रिसाली में क्लीन सिटी की घोषणा के साथ दो स्थानों पर सब स्टेशन और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े कार्यों को भी सामने रखा गया।
कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन ने पहले से व्यापक व्यवस्था की थी। बुधवार को अधिकारियों ने रविशंकर स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया था। मंच, बैठक व्यवस्था, विभागीय स्टॉल सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। स्टेडियम में तैयार की गई मानव निर्मित रंगोली और बैडमिंटन कोर्ट में रंगोली प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
suntimes 