भाजपा नेताओं के साथ भिड़े कांग्रेसी:भाजपा ने 1300 करोड़ के गोठान तो कांग्रेस ने 4400 करोड़ के शराब घोटाले का लगाया आरोप

भाजपा नेताओं के साथ भिड़े कांग्रेसी:भाजपा ने 1300 करोड़ के गोठान तो कांग्रेस ने 4400 करोड़ के शराब घोटाले का लगाया आरोप

भाजपा प्रदेश में बने दस हजार से अधिक गोठानों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। प्रदेश में लगभग 10 हजार गोठान बने हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने आरोप लगाया कि इन गोठानों के नाम पर विभिन्न मदों से खर्च की गई 1300 करोड़ से अधिक की राशि का दुरुपयोग कर भारी घोटाला किया गया है। दरअसल, साव ने यह आरोप सोमवार को आरंग विधानसभा के गोढ़ी ग्राम पंचायत के गोठान का निरीक्षण करने के बाद लगाया। साव मीडिया को साथ लेकर गोठान पहुंचे थे।

साव ने कहा, सभी ने गौठान का हाल देखा। यहां न गाय मिली, न गोबर बेचा जा रहा था, ऐसा लगा यहां कभी गाय रही ही नहीं। जब राजधानी के पास के गोठान का यह हाल है तो गांव देहातों के गोठान का क्या हाल होगा? कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मवेशियों के लिए टैंकर से पानी की व्यवस्था की जाती है।

जबकि स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष साव द्वारा निरीक्षण करने की जानकारी मिलते ही आनन फानन में पैरा और टैंकर से पानी की व्यवस्था की गई है। गौठान निरीक्षण में प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, ओपी चौधरी, विजय शंकर मिश्रा, अमित चिमनानी, अभिनेष कश्यप सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा के आरोप

  • सरकारी दावे के अनुसार 9790 गौठान कार्यशील हैं। आदर्श गोठानों को छोड़कर कहीं कोई व्यवस्था नहीं है।
  • दावा है कि हर गोठान में 8 से 19 लाख खर्च हुआ। अधिकांश भाग भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा।
  • गोठान समिति का चुनाव नहीं कराया गया। सत्ता के करीबी बिना चुनाव के काबिज हैं।
  • मनरेगा, एसबीएम, 14वां व 15वां वित्त, एलडब्लूजी, रूर्बन व डीएमएफ के पैसों को भी डायवर्ट कर भ्रष्टाचार किया गया।
  • विकास कार्यों के पैसों को डायवर्ट करने के कारण पंचायतों में पैसा नहीं बचा। गांवों में रोड, नालियां आदि नहीं बन रही हैं।
  • गोबर के मद में कुल 1976 लोगों के नाम पर 1 लाख रुपए से अधिक का भुगतान हुआ है। ये कौन लोग हैं, इसकी जांच हो।

‘चलबो गोठान-खोलबो पोल’

  • भाजपा का अभियान 20 मई से शुरू होगा।
  • हर मंडल में प्रदेश के नेता होंगे शामिल।
  • सभी नेता 10 गोठानों का दौरा करेंगे।
  • ग्रामीणों से मिलकर जमीनी हाल पता करने ‘गोठान का गोठ’ करेंगे।
  • जनता का पंचनामा नाम से फीडबैक फार्म तैयार किया गया है।
  • इसकी मदद से हर जगह गोठानों से संबंधित 10 सवाल पूछे जाएंगे।

कांग्रेस का पलटवार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 15 सालों तक गोशाला के नाम पर अनुदान खाने वालों को गोठान बर्दाश्त नहीं हो रहा। गोठान समितियों में भ्रष्टाचार भाजपा का दिमागी फितूर है। प्रदेश में 9790 गोठानों का निर्माण पूरा हो गया है। सभी गोठानों में पानी शेड, चारे की व्यवस्था की गई है। गोठानों में गांव के लोग ही पैरा दान करते हैं। प्रदेश भर के गोठानों में पानी की टंकी, शेड आदि पर हुए कुल अलग-अलग खर्चों की राशि को घोटाला बता कर भाजपाई सनसनी फैलाना चाहते थे लेकिन उनका झूठ बेनकाब हो गया।

नीति बदलकर किया था घोटाला: कांग्रेस

रायपुर| छत्तीसगढ़ कांग्रेस का आरोप है कि रमन सिंह ने 2012 से 2017 के बीच आबकारी नीति में परिवर्तन कर शराब घोटाला किया। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन ने अपने कार्यकाल में दशकों से चली आ रही आबकारी नीति को ठीक वैसे ही परिवर्तित किया जैसे दिल्ली की आप सरकार ने किया है। और वहां के उपमुख्यमंत्री इसी मामले में जेल में हैं। शुक्ला ने कहा कि रमन सरकार के समय 2017-18 में आबकारी से राजस्व प्राप्ति 3900 करोड़ रू. थी जो कांग्रेस सरकार बनने के बाद 2019-20 में 6000 करोड़ रू. हो गयी। इससे स्पष्ट हो रहा है कि रमन सरकार ने सुनियोजित आबकारी घोटाला किया था।

शुक्ला ने बताया कि आबकारी विभाग ने शराब उत्पादकों को फायदा पहुंचाने एवं कमीशनखोरी के लिए बिना मापदंडों के उनके उत्पाद को आईएमएफएल (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) की केटेगरी में शामिल करते हुए शराब बिक्री में ठेकेदारों को अधिक मुनाफा दिया जाकर इन अवैधानिक तरीके से इस श्रेणी में रखी गयी शराब को प्रदेश में ऊंची दरों पर बेचकर कई सौ करोड़ रुपयों की कमीशनखोरी कर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है। पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री रवि घोष, चंद्रशेखर शुक्ला, घनश्याम राजू तिवारी, धनंजय ठाकुर, अजय साहू, नितिन भंसाली आैर मणी प्रकाश वैष्णव उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ सरकार ने नहीं बदली आबकारी नीति
शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद रमन सिंह द्वारा 2017 में बनाई गयी आबकारी नीति में कोई परिवर्तन नहीं किया गया। हमारे सरकार को बदनाम करने के लिये भाजपा के इशारे पर ईडी घोटाले के मिथ्या आरोप लगा रही है जबकि हमारे सरकार के समय राजस्व बढ़ा है।

कांग्रेस के आरोप

  • शराब के सेल प्राइज फिक्सेशन में देशी शराब के निविदाकर्ता/लाइसेंसी को दूसरे राज्यों से ढाई गुना ज्यादा मुनाफा दिया गया।
  • विदेशी शराब रिटेलर्स को 946.79 करोड़ तथा देशी शराब के रिटेलर्स को 567.13 करोड़ का अवैध लाभ पहुंचाया गया।
  • समुन्द को 9 साल तक सेवा वृद्धि देकर आबकारी का आेएसडी बनाकर रखा गया।
  • 2018 में ओएसडी समुन्द सिंह कांग्रेस सरकार बनने के दूसरे दिन इस्तीफा देकर फरार हो गये।
  • सीएम भूपेश ने ईओडब्ल्यू को जांच सौंपी तब समुंद सिंह गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
  • तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह,आबकारी मंत्री अमर अग्रवाल, आबकारी सचिव एवं आबकारी आयुक्त गणेश शंकर मिश्रा की कार्यप्रणाली को भी जांच के दायरे में लिया जाए।