भिलाई में एसडीआरएफ की विशेष मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन और बचाव तकनीकों का हुआ प्रदर्शन
बाढ़, अग्निकांड और सिविल डिफेंस से जुड़े विभिन्न रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव प्रदर्शन, 100 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण
भिलाई । छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सातवीं वाहिनी भिलाई परिसर में एसडीआरएफ संभाग दुर्ग द्वारा विशेष बाढ़, फायर एवं सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सातवीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट, कंपनी कमांडेंट सहित अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान जिला सेनानी दुर्ग नागेंद्र सिंह एवं एसडीआरएफ दुर्ग के जवानों ने विभिन्न आपदा परिस्थितियों में किए जाने वाले बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। जवानों ने बाढ़ के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही नदी में डूबे व्यक्ति की तलाश एवं शव को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए डीप डाइविंग अभ्यास भी किया गया।
इसके अतिरिक्त दुर्घटना प्रबंधन के तहत रेस्क्यू टीम की मोटर बोट पलटने जैसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। डूबे हुए व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर देकर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। इस दौरान आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी और उनके प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 100 से 120 अधिकारियों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अधिकारियों ने आपदा के समय सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और सामुदायिक सहयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बचाव कार्यों की दक्षता विकसित करने तथा आमजन में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
suntimes 