दुर्ग में गूंजा ‘जय संविधान’ का स्वर: कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में उमड़ा जनसैलाब
राजीव भवन से हिंदी भवन तक निकली 2 किमी लंबी रैली, भूपेश बघेल के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता
दुर्ग में संविधान संरक्षण को लेकर कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। ‘संविधान बचाओ रैली’ में जय भीम, जय बाबू और जय संविधान के नारों से शहर गूंज उठा। राजीव भवन से शुरू हुई 2 किमी लंबी रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल हुए।
दुर्ग | छत्तीसगढ़ की राजनीति में संविधान को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। दुर्ग में सोमवार को जिला स्तरीय 'संविधान बचाओ रैली' का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। रैली में "जय बाबू", "जय भीम" और "जय संविधान" के नारे गूंजते रहे।
राजीव भवन से शुरू होकर हिंदी भवन तक 2 किलोमीटर लंबी यह रैली संविधान के संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ निकाली गई। इसमें पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक अरुण वोरा समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
रैली में नेताओं ने संविधान के मौलिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प दोहराया। उन्होंने केंद्र सरकार पर संविधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि यह रैली जनता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का माध्यम है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा,
“आज देश के संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। हमारे लिए बाबा साहेब का संविधान सर्वोपरि है। हम उसकी एक-एक धारा को बचाने के लिए सड़क पर उतरेंगे।”
इस रैली को एक व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। संविधान बचाओ यात्रा का अगला चरण प्रदेश के अन्य जिलों में भी आयोजित किया जाएगा।