अटल आवास के किराए के घर में गांजे का ठिकाना, 6.35 किलो माल के साथ युवक गिरफ्तार

पुलिस ने ग्राहक बनकर सूचना की पुष्टि के बाद दी दबिश, 2.98 लाख रुपए से ज्यादा कीमत का गांजा बरामद

अटल आवास के किराए के घर में गांजे का ठिकाना, 6.35 किलो माल के साथ युवक गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। कुम्हारी पुलिस ने अटल आवास में गांजा बिक्री के लिए रखे जाने के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मकान नंबर 320 में कार्रवाई कर 6 किलो 350 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत 2 लाख 98 हजार 975 रुपए है। आरोपी किराए के मकान में रहकर गांजा बेचने के लिए ग्राहकों के संपर्क में था।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को 28 सितंबर को सूचना मिली थी कि अटल आवास में एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले इसकी पुष्टि की। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान प्रेम कुमार साहू (30) पुलिस के हाथ लगा। उसके पास से 6.350 किलो गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

ग्राहक सीधे घर पहुंचते थे

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने जिस मकान को किराए पर लिया था, उसी को गांजा रखने और बेचने के लिए इस्तेमाल कर रहा था। बताया गया कि गांजा खरीदने वाले ग्राहकों को आरोपी के ठिकाने की जानकारी थी। वे सीधे किराए के मकान पर पहुंचते और वहां से गांजा लेते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियों को लेकर पहले भी जानकारी मिल रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई।

कहां से आया गांजा, सप्लायर की तलाश

पुलिस ने गांजे का वजन 6 किलो 350 ग्राम दर्ज किया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 98 हजार 975 रुपए बताई गई है। अब जांच का दायरा गांजे की सप्लाई तक बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी को गांजा कौन उपलब्ध कराता था, इसकी आपूर्ति कहां से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।