गृहमंत्री के करीबी कांग्रेस नेता ने अस्पताल में दम तोड़ा:रिसाली में हथियारबंद गुंडों ने किया था जानलेवा हमला, आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर

छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के विधानसभा क्षेत्र में उन्हीं के करीबी कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला हुआ था। हमले में घायल कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने रायपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार रात दम तोड़ दिया है। इसके बाद से रिसाली क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। वहीं दुर्ग पुलिस अभी तक मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
आपको बता दें कि 6 दिन पहले 25 नवंबर को दुर्ग जिले के नेवई थाना अंतर्गत रिसाली क्षेत्र में कांग्रेस नेता पप्पू यादव पर जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में चाकू लगने से पप्पू यादव की हालत काफी गंभी थी। उन्हें इसाज के लिए सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद हालत बिगड़ने पर गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया था। रायपुर में इलाज के दौरान पप्पू यादव ने दम तोड़ दिया है। कांग्रेस नेता की मौत की खबर पता चलते ही क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। लोगों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में सही कार्रवाई नहीं कर रही है। अभी तक मामले में केवल 2 आरोपियों ओंकार उर्फ अमन किंग और हरीश को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार है। नेवई टीआई प्रशांत मिश्रा का कहना है कि वो मामले हत्या की धारा जोड़कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे।
नेवई टीआई प्रशांत मिश्रा ने बताया कि घटना 25 नवंबर 2023 की रात 8-9 बजे के बीच की है। पप्पू यादव रात 8.30 के करीब शीतला मंदिर टंकी मरोदा के पास स्थित चाय चौपाल नाम की दुकान में रोज की तरह बैठा था। वहां उस समय काफी लोग थे। अचानक मंगल देवार, दादू देवार, हरीश साहू सहित 15-20 लड़के आए और डंडा, हॉकी आदि लेकर पप्पू यादव पर हमला कर दिया। इसी दौरान मंगल देवार ने पप्पू के पेट में चाकू घुसा दिया। पसली के पास चाकू लगने से पप्पू वहीं ढेर हो गया।
थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा की माने तो झगड़े से एक दिन पहले मंगल देवार का पप्पू यादव के भांजे से स्मृति नगर क्षेत्र में झगड़ा हुआ था। उसी बात को लेकर मंगल अपने लड़कों को लेकर रिसाली पहुंचा और पप्पू यादव के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। इस तरह खुलेआम कांग्रेस नेती की हत्या से पुलिस की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है।