छत्तीसगढ़ के IAS-IPS अफसरों की सैलरी में बढ़ा DA, अब 63% की दर से भुगतान

60 से बढ़कर 63% हुआ महंगाई भत्ता; चार महीने का बकाया भी मिलेगा, शासन ने कार्यालयों को दिए भुगतान के निर्देश

छत्तीसगढ़ के IAS-IPS अफसरों की सैलरी में बढ़ा DA, अब 63% की दर से भुगतान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में काम कर रहे IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की गई है। राज्य सरकार ने DA में 3 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया है। संशोधित दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। यानी अधिकारियों को जुलाई से बढ़ी हुई दर का लाभ मिलेगा और अब तक की बकाया राशि का भुगतान भी किया जाएगा।

केंद्र सरकार द्वारा 29 अक्टूबर को महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में भी अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए नई दर प्रभावी की गई है। अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के तहत केंद्र की संशोधित दर के आधार पर राज्य में पदस्थ अधिकारियों को यह लाभ दिया गया है।

जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर कैश

नई दर 1 जुलाई से प्रभावी होने के कारण जुलाई से अक्टूबर तक की अवधि का एरियर अधिकारियों को मिलेगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि का भुगतान नकद किया जाएगा। जिस कार्यालय से संबंधित अधिकारी का वेतन संबंधित अवधि में जारी हुआ था, उसी कार्यालय से एरियर का भुगतान किया जाएगा।

अधिक भुगतान हुआ तो होगी रिकवरी

शासन ने भुगतान प्रक्रिया को लेकर कार्यालयों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। वेतन पर्चियों में नई DA दर के अनुसार संशोधन किया जाएगा और पहले किए गए भुगतान का समायोजन होगा। यदि गणना में किसी अधिकारी को निर्धारित राशि से अधिक भुगतान हो जाता है तो अतिरिक्त रकम की वसूली संबंधित अधिकारी से की जाएगी।