छह महीने पहले प्रेम विवाह, अब फंदे पर मिली नवविवाहिता की लाश
रोजी की मौत पर मायके पक्ष ने उठाए सवाल; ससुराल में प्रताड़ना की शिकायत करने का दावा, कमरे में खून के निशान मिलने की बात
बिलासपुर। प्रेम विवाह के करीब छह महीने बाद बिलासपुर में नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर में रोजी खान का शव शुक्रवार को उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक कमरे में खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
गौरेला की रोजी ने फरहान से किया था प्रेम विवाह
पुलिस के मुताबिक अशोक नगर की व्हाइट बिल्डिंग में अय्यूब खान अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा फरहान खान कार शोरूम में नौकरी करता है। फरहान ने अप्रैल में गौरेला निवासी रोजी खान से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों परिवार के साथ इसी मकान में रह रहे थे।
पति के घर पहुंचने के बाद हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार फरहान गुरुवार को लुतरा के उर्स में शामिल होने गया था। वह शुक्रवार सुबह घर लौटा। इसके कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद फरहान अपनी ड्यूटी के लिए चला गया।
करीब 11 बजे परिवार की महिला सदस्य ने रोजी के कमरे का दरवाजा बंद देखा। दरवाजा नहीं खुलने पर अंदर से झांककर देखा गया तो रोजी फंदे पर लटकी थी। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा गया। पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से सिम्स भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कराई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
परिजनों का आरोप- पहले भी बताई थी प्रताड़ना की बात
रोजी के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार रोजी ने फोन पर ससुराल में होने वाली कथित घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के बारे में जानकारी दी थी। उनका कहना है कि जब वे घटना के बाद ससुराल पहुंचे तो कमरे में खून के निशान नजर आए।
इन परिस्थितियों के आधार पर मायके वालों ने रोजी की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच, मोबाइल फोन और परिजनों के बयानों से मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
suntimes 