मैत्री विद्या निकेतन, पाटन के छात्रों ने जेईई मेन 2025 में रचा इतिहास

सनत कुमार पांडा और प्रियांशु देवांगन ने हासिल की उत्कृष्ट परसेंटाइल, शिक्षकों और प्रबंधन ने दी बधाई

मैत्री विद्या निकेतन, पाटन के छात्रों ने जेईई मेन 2025 में रचा इतिहास

पाटन। शैक्षणिक उत्कृष्टता की मिसाल कायम करते हुए मैत्री विद्या निकेतन इंग्लिश मीडियम स्कूल, पाटन के छात्रों ने जेईई मेन 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है। छात्रों की इस उपलब्धि ने विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है।

विद्यालय के होनहार छात्र सनत कुमार पांडा ने 95.92 परसेंटाइल प्राप्त कर जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई किया, वहीं प्रियांशु देवांगन ने 84.96 परसेंटाइल के साथ अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों छात्रों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

विद्यालय परिवार ने छात्रों की इस सफलता का पूरे हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।
मैत्री शैक्षणिक संस्थान की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरण, निदेशकगण डॉ. सजीथा थंबी, श्री एस. सजीव एवं श्री एस. साजन, तथा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अम्बिली सुगाथा ने दोनों छात्रों को हार्दिक बधाई दी। शिक्षकों ने छात्रों की निरंतर मेहनत, विद्यालय के मजबूत शैक्षणिक वातावरण और उचित मार्गदर्शन को इस उपलब्धि का आधार बताया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर कहा कि,

"यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और विद्यालय के उच्च शैक्षणिक मानदंडों का परिणाम है। हम अपने सभी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उज्जवल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

मैत्री विद्या निकेतन, पाटन न केवल अकादमिक क्षेत्र में, बल्कि संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में और भी कई विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

दोनों छात्रों के परिवारजनों ने भी विद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा प्रदान किया गया सशक्त शैक्षणिक वातावरण और सतत मार्गदर्शन इस सफलता में निर्णायक रहा है। यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और उन्हें भविष्य में अपनी क्षमताओं का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।