मैत्री गार्डन पार्किंग में खड़ी कार में लगी आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू
नेवाई थाना क्षेत्र की घटना, दुर्ग अग्निशमन दल की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
दुर्ग शहर के नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत मैत्री गार्डन की पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहनों को सुरक्षित बचा लिया गया।
दुर्ग। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार को शाम लगभग 4:16 बजे मैत्री गार्डन की पार्किंग में हुई। पार्किंग में खड़ी एक कार से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की एक दमकल टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। दमकल वाहन के साथ पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और एक गाड़ी पानी की सहायता से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
अग्निशमन दल की तत्परता के कारण आग आसपास खड़ी अन्य कारों और दोपहिया वाहनों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस सफल अभियान का नेतृत्व दल प्रभारी शरद मेश्राम ने किया। टीम में अग्निशमन कर्मचारी नागेश मारकंडे, दीवहार, राहुल और पवित्र शामिल रहे। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में टीम ने पूरी मुस्तैदी और साहस का परिचय दिया।
समय पर पहुंचकर समन्वित कार्रवाई करने से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और घटनास्थल पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
suntimes 