वंदे भारत एक्सप्रेस जून से फुल कैपेसिटी में दौड़ेगी: बिलासपुर-नागपुर रूट पर फिर बढ़ेगी रफ्तार

वंदे भारत एक्सप्रेस जून से फुल कैपेसिटी में दौड़ेगी: बिलासपुर-नागपुर रूट पर फिर बढ़ेगी रफ्तार

यात्रियों की बढ़ती मांग पर रेलवे का फैसला, अब 16 कोच के साथ 1128 यात्रियों को मिलेगी हाई स्पीड सफर की सुविधा

बढ़ती डिमांड को देखते हुए बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को जून महीने से फिर से 16 कोच के साथ चलाया जाएगा। वर्तमान में यह ट्रेन आधी क्षमता यानी 8 कोच के साथ संचालित हो रही थी। अतिरिक्त कोचों की मरम्मत का कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होते ही यात्री फिर से फुल सीटों के साथ इस हाईटेक ट्रेन में सफर कर सकेंगे।

बिलासपुर। बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस जून से एक बार फिर अपने पूरे 16 कोचों के साथ दौड़ने के लिए तैयार है। यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी और सीटों की कमी को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन की पूर्ण क्षमता बहाल करने का निर्णय लिया है। अभी तक यह ट्रेन केवल 8 कोचों (50% क्षमता) के साथ चलाई जा रही थी।

मुंबई डिवीजन से 3 अतिरिक्त कोच बिलासपुर भेजे गए हैं, जिनमें से 4 कोचों में तकनीकी खराबी है। इनकी मरम्मत बिलासपुर में प्राथमिकता के साथ की जा रही है। मरम्मत कार्य पूरा होते ही यह ट्रेन फिर से 1128 यात्रियों को एक साथ सफर कराने में सक्षम होगी। अभी सिर्फ 564 यात्री ही इसमें यात्रा कर पा रहे हैं।

वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत छत्तीसगढ़ में 11 दिसंबर 2022 को हुई थी। शुरुआत में यात्रियों में भारी उत्साह देखा गया, लेकिन बाद में मांग में गिरावट आने पर अप्रैल 2023 से इसे आधी क्षमता के साथ चलाया जा रहा था।

अब एक बार फिर टिकटों की डिमांड बढ़ गई है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कोचों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। वंदे भारत ट्रेन में स्मार्ट चेयर, सीसीटीवी, स्मार्ट टॉयलेट, फायर सेफ्टी सिस्टम, डिस्प्ले बोर्ड, ऑटोमेटिक डोर, एसी, डीप फ्रीजर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो यात्रियों को एक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव देती हैं। रेलवे का मानना है कि ट्रेन की क्षमता बढ़ने से बिलासपुर-नागपुर के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी, साथ ही समय की भी बचत होगी।