25 वर्षों की विकास यात्रा पर गर्व: बेमेतरा में धूमधाम से मना राज्योत्सव

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेज़ रफ्तार विकास— सांसद विजय बघेल; जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में योजनाओं का वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर मंगलवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में भव्य राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश ने दो दशक में अद्भुत प्रगति कर देश के तेजी से विकसित होते राज्यों में स्थान बनाया है। कार्यक्रम में विधायकों, जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही।

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की 25वीं रजत जयंती पर बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित राज्योत्सव शानदार और यादगार रहा। मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की अविरल धारा में आगे बढ़ रहा है और आज देश के सबसे तेज़ी से प्रगति करने वाले राज्यों में शामिल है।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथियों में विधायक श्री दीपेश साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू, छग रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमा दिवाकर व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय साहू उपस्थित रहे।

  सरकारी योजनाओं का लाभ एवं वितरण

  • कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
  • महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से भाग्यलक्ष्मी स्व–सहायता समूह को ₹1 लाख का चेक प्रदान किया गया।
  • कृषि विभाग ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत मसूर बीज मिनी किट किसानों को वितरित किए।

वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पीएचई, पब्लिक वर्क्स और एनर्जी विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। कलेक्टर रणबीर शर्मा और पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू भी उपस्थित रहे।

 विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से बने इस राज्य ने आज उन्नति की मिसाल कायम की है और किसान–युवा सशक्त हुए हैं। विधायक दीपेश साहू ने शिक्षा, खेल और कृषि क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अमोरा बांध परियोजना को विकास का मील का पत्थर बताया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधी महफ़िल

लोकसंस्कृति, लोककला और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कवि स्वर्गीय सुरेंद्र दुबे, लक्ष्मण मस्तुरी सहित कई कलाकारों को मंच से स्मरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने प्रदर्शनी स्थल का अवलोकन किया और जनता से शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।