भिलाई में पंडाल का स्ट्रक्चर गिरने से 6 लोग जख्मी, गणेश मंदिर की पूजा खत्म होने के बाद भी नहीं हटाया गया था टेंट

भिलाई। भिलाई के सेक्टर-5 स्थित गणेश मंदिर के सामने पूजा के लिए लगाया गया पंडाल अचानक भरभराकर गिर गया। जिससे रास्ते से गुजर रही महिला और बुजुर्ग समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-5 में श्री सिद्धि विनायक मंदिर है। उस मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। मंदिर समिति ने 26 जनवरी से 3 फरवरी तक श्री सिद्धि विनायक मंदिर के जीर्णोद्धारण स्वर्णबंधन महा-कुंभाभिषेक कार्यक्रम आयोजित कियाथा। तीन फरवरी को कार्यक्रम समाप्त हो गया, लेकिन टेंट वाले ने सड़क किनारे पर लगे टेंट को नहीं हटाया। बुधवार को टेंट हाउस संचालक अपने कर्मचारियों को लेकर टेंट को खोल रहा था। इस दौरान उसने रोड को ब्लॉक नहीं किया। जिससे लोगों का आना जाना लगा रहा।
टेंट खोलने के दौरान अचानक लोहे के हवी स्ट्रक्चर का बैलेंस बिगड़ने से टेंट भरभराकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान एक महिला स्कूटी में और एक बुजुर्ग साइकिल से जा रहे थे। वो लोग गिरते हुए स्ट्रक्चर की चपेट में आ गए। इसके साथ ही दो लोग टेंट हाउस संचालक के कर्मचारी भी घायल हुए हैं। तत्काल डायल 112 को फोन किया। एक महिला का सिर फट गया। एक गार्ड ने अपने गमछे से उसका सिर बांधा, लेकिन ब्लड नहीं रुक रहा था। सभी घायलों को सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने शुरुआती इलाक के बाद सभी को दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्टेशन मरोदा निवासी राहुल यादव ने बताया कि, वो नेहरू नगर में ड्यूटी करता है। ड्यूटी कर बुधवार दोपहर अपने घर साइकिल से जा रहा था। उसने देखा कि टेंट खोलने का काम चालू है, लेकिन लोगों की आवाजाही हो रही थी, तो वो भी निकल गया। अचानक पूरा टेंट का फ्रेम भरभराकर उसके ऊपर गिर गया। जिससे उसकी साइकिल टूट गई। उसके सिर और कंधे में काफी चोट आई है।
घायलों का कहना है कि, इस हादसे के लिए मंदिर समिति के लोग और टेंट हाउस संचालक जिम्मेदार है। जब उनका कार्यक्रम 3 फरवरी को खत्म हो गया था, तो 9 दिन तक इतना बड़ा टेंट सड़क में लगाकर क्यों रखा गया। सड़क में लगे हैवी टेंट को खोलने से पहले पुलिस की परमिशन लेकर सड़क को ब्लॉक क्यों नहीं किया गया। उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।