नौकरी लगाने 5 लाख रुपए की ठगी, आरोपी बोला- DRM तक है पहुंच, फर्जी अलाटमेंट लेकर भेज कर वसूले पैसे

नौकरी लगाने 5 लाख रुपए की ठगी, आरोपी बोला- DRM तक है पहुंच, फर्जी अलाटमेंट लेकर भेज कर वसूले पैसे

बिलासपुर में रेलवे में ग्रुप-D की नौकरी लगाने का झांसा देकर आरोपी पति-पत्नी ने एक युवक से पांच लाख 40 हजार की की ठगी कर ली। आरोपी ने उसे DRM तक अपनी पहुंच होने का झांसा दिया और उसे फर्जी अलाटमेंट लिस्ट भी दे दिया। जब नौकरी नहीं लगी, तब उसे धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पति-पत्नी को बिहार के भागलपुर से गिरफ्तार किया है। पूरा मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का है। बिल्हा क्षेत्र के उमरिया निवासी डोमन राजपूत ने धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस से की, जिसमें उसने बताया कि वो ट्रेन से डोंगरगढ़ जा रहा था, तभी उसकी पहचान बिहार के भागलपुर के मायांगज निवासी रुपेश कुमार रजक से हुई। जान-पहचान के बाद दोनों के बीच पारिवारिक संबंध बन गए।

रुपेश ने डोमन को बताया कि वह रायगढ़ के खरसिया में रहता है और रेलवे में लोको पायलट है। उनके बीच दोस्ती और पारिवारिक संबंध होने पर डोमन ने उसे बताया कि उसने भी रेल्वे में ग्रुप-D का फार्म भरा है और उसका एग्जाम होने वाला है। तब रूपेश ने रेल्वे के बड़े अफसरों से अपनी पहचान होने और DRM के साथ उठने-बैठने का दावा किया। उसने कहा कि DRM सर सब बना देंगे और तुम्हारी नौकरी लग जाएगी। इसके लिए उसे छह लाख रुपए खर्च करना पड़ेगा।

उसकी बातों में आकर डोमन पैसे देने के लिए तैयार हो गया। उसने बतौर एडवांस उससे तीन लाख रुपए ले लिए। इस दौरान दोनों अपने परिवार को लेकर दिल्ली और आगरा घूमने के लिए गए। तब रूपेश की पत्नी रोमा कुमारी ने भी जल्द नौकरी लग जाने का आश्वासन दिया था। कुछ दिनों बाद उसने एक सलेक्शन लेटर मोबाइल पर भेजा। इसमें डोमन का नाम था। उसे बताया गया कि अलाटमेंट लिस्ट में उसका नाम आ गया है। जिसके बहाने उससे दो लाख रुपए और ले लिए। साथ ही उसे बताया गया कि उसकी रायगढ़ स्टेशन में जॉइनिंग होने का झांसा दिया। फर्जी लिस्ट देकर उससे 40 हजार और वसूल लिए। लेकिन, इसके बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी और नहीं नियुक्ति आदेश मिला।

इसके बाद परेशान होकर डोमन ने अपने रुपए वापस करने की मांग की। इस पर दोनों पति-पत्नी टालमटोल करने लगे। फिर कुछ समय बाद दोनों खरसिया छोड़कर फरार हो गए। जिसके बाद डोमन ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने केस दर्ज कर उनकी तलाश की। तब पता चला कि दोनों पति-पत्नी बिहार में रह रहे हैं। पुलिस की टीम ने बिहार में दबिश देकर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।