महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम: मुख्यमंत्री साय आज 70 लाख महिलाओं को देंगे महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम, नई योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का होगा शुभारंभ

महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम: मुख्यमंत्री साय आज 70 लाख महिलाओं को देंगे महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है। आज 8 मार्च को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त का भुगतान करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए "सम्मान सुविधा प्रणाली" का शुभारंभ करेंगे, जिससे अब डिजिटल माध्यम से सीधे मानदेय का भुगतान किया जाएगा। वहीं, महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की डिजिटल सुविधा भी शुरू की जाएगी।

कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के पोर्टल, इंफ्रा पोर्टल और स्थापना पोर्टल का शुभारंभ होगा। साथ ही, बिलासपुर के क्षेत्रीय महिला प्रशिक्षण संस्थान के नए भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार "सखी वन स्टॉप सेंटर" की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनेगा।

राज्य भर से आईं 32 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3 सर्वश्रेष्ठ सखी वन स्टॉप सेंटर और अन्य महिला सशक्तिकरण में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां महिलाएं अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रही हैं।

इस आयोजन में पूरे प्रदेश से 50,000 से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और आर्थिक स्वावलंबन को नई दिशा देने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।