ढाई लाख दीयों से जगमगाया महादेव घाट:खारुन नदी पर 108 पंडितों ने की महाआरती; सिंगर कैलाश खेर की भी प्रस्तुति

मंगलवार को रायपुर का महादेव घाट ढाई लाख दीयों से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर महाआरती हुई। वाराणसी और छत्तीसगढ़ के 108 पंडितों ने नदी के तट के पास मंत्रोच्चार किया। साथ ही इस कार्यक्रम में सिंगर कैलाश खेर ने भजन से माहौल को और भक्तिमय बना दिया।
खारुन नदी को प्रदूषण मुक्त करने के उद्देश्य से हर महीने की पूर्णिमा को बनारस आरती की तर्ज पर खारुन गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है। 6 दिसंबर 2022 को खारुन आरती की शुरुआत की गई थी। दिसंबर 2023 की पूर्णिमा को इसका 1 साल पूरा हुआ है। जिसके चलते वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया है। महादेव घाट पर खारुन नदी के दोनों किनारों पर 54-54 आरती के स्टेज लगाए गए। महादेव घाट को फूलों से सजाने के लिए कोलकाता से कारीगर बुलाए गए थे। जिनकी कारीगरी को लोगों ने अपनी मोबाइल और कैमरे में कैद किया। आचार्य पंडित धीरज शास्त्री के मार्गदर्शन में सवा दो लाख दीपों से महादेव घाट को रोशन किया गया।
खारुन गंगा आरती से पहले लोग नदी को स्वच्छ रखने की शपथ लेते हैं। इसके साथ मंदिर में महादेव घाट पर आरती के दौरान धार्मिक गीत और मंत्रों की गूंज सुनाई देती है। भक्तजन हटकेश्वर महादेव के दरबार में भक्ति भाव से अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।